केंद्र सरकार जल्द ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के परिसीमन (Delimitation) से जुड़ा बिल संसद में लाने की तैयारी कर रही है। यदि यह बिल संसद से पारित हो जाता है, तो पंजाब की चुनावी तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। नए प्रावधानों के तहत पंजाब में लोकसभा सांसदों की संख्या में 7 और विधायकों की संख्या में 59 का इजाफा होगा। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी लोकसभा सीटों की संख्या 1 से बढ़कर 2 हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, परिसीमन की यह प्रक्रिया 50 प्रतिशत के फॉर्मूले पर आधारित होगी। इसके लागू होने के बाद पंजाब में लोकसभा सीटों की कुल संख्या 13 से बढ़कर 20 हो जाएगी, जबकि विधानसभा सीटों का आंकड़ा 117 से बढ़कर 176 तक पहुंच जाएगा। परिसीमन बिल के साथ-साथ केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल भी ला रही है। इसके प्रभावी होने पर पंजाब विधानसभा में महिला विधायकों की संख्या कम से कम 59 हो जाएगी, वहीं राज्य से संसद पहुंचने वाली महिला सांसदों की गिनती भी न्यूनतम 6 से 7 तक हो जाएगी।
पंजाब के सबसे बड़े सियासी क्षेत्र मालवा में वर्तमान में 8 लोकसभा सीटें (लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, फिरोजपुर और फरीदकोट) तथा 69 विधानसभा सीटें हैं। सीटों और क्षेत्रफल के लिहाज से सबसे बड़ा होने के कारण नई जुड़ने वाली लोकसभा और विधानसभा सीटों का बड़ा हिस्सा मालवा के खाते में आने की प्रबल संभावना है। लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, संगरूर और फिरोजपुर जैसे बड़े जिलों या संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत नए विधानसभा हलके गठित हो सकते हैं या नई लोकसभा सीट भी अस्तित्व में आ सकती है।
माझा क्षेत्र में फिलहाल 3 लोकसभा सीटें (गुरदासपुर, अमृतसर और खडूर साहिब) और 25 विधानसभा सीटें मौजूद हैं। परिसीमन की प्रक्रिया के बाद यहां शहरी और कस्बाई आबादी के अनुपात को देखते हुए नई विधानसभा सीटों का गठन किया जा सकता है। इससे राज्य की विधानसभा और देश की लोकसभा में माझा क्षेत्र की राजनीतिक हिस्सेदारी और अधिक मजबूत होगी।
दोआबा क्षेत्र की बात करें तो वर्तमान में यहां 2 लोकसभा सीटें (जालंधर और होशियारपुर) और 23 विधानसभा सीटें हैं। परिसीमन के तहत नई सीटें जुड़ने पर यहां भी जनसंख्या और मतदाताओं के आकार के अनुरूप नए विधानसभा हलके बनाए जा सकते हैं, जिससे पंजाब की राजनीति में दोआबा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व और प्रभाव बढ़ेगा।
