• Sat. Dec 13th, 2025

पंजाब से बड़ी खबरः पिटबुल ने महिला पर किया हमला, खा गए मुंह का आधा हिस्सा

ByPunjab Khabar Live

Dec 9, 2023

पंजाब के गुरु तेग बहादुर नगर में एक घर में सफाई करने आई महिला पर दो पिटबुल कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते पीड़िता राखी के मुंह का एक पूरा हिस्सा खा गए जबकि उसकी गर्दन, पेट, हाथ, जांघ और दोनों टांगों पर काटने के जख्म हैं। बता दें कि जिस घर में यह पिटबुल जोड़ा रखा हुआ है, वह घर प्रकाश सिंह का है। प्रकाश सिंह के बेटे की शादी थी जिसके चलते वह परिवार समेत विवाह में गए थे। घर में उनकी सास अकेली थी। प्रकाश सिंह ने बताया कि दोपहर को उनके कुछ रिश्तेदार कुत्तों को ब्रेड आदि डालकर गए थे। दोपहर बाद लगभग चार बजे घर में काम करने आई महिला राखी जैसे ही घर में दाखिल हुई तभी अचानक खुले घूम रहे दो पिटबुल कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके गाल का एक बड़ा हिस्सा नोच कर खा गए। उसकी गर्दन पर भी एक बड़ा जख्म हो गया है।

इस कारण उसके शरीर से तेजी से खून बहने लगा और वह लहूलुहान हो गई। राखी लगभग एक घंटे तक इन कुत्तों के चंगुल से छूटने के लिए जूझती रही और अपने बचाव के लिए शोर मचाती रही। मगर आसपास रह रहे किसी भी व्यक्ति की हिम्मत नहीं हुई कि वह इन खतरनाक कुत्तों के चंगुल से महिला को छुड़ा सकें। गली से गुजर रहे एक सिख व्यक्ति ने हिम्मत कर पत्थर आदि मारकर घायल महिला को किसी तरह इन कुत्तों से छुड़ा कर घर से बाहर निकाला। फिर तुरंत घर का मेन गेट बंद कर दिया ताकि कुत्ते पीछा करते हुए बाहर न आ सकें। पड़ोस के लोगों की सहायता से घायल राखी को सरकारी अस्पताल खरड़ ले जाया गया जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे जीएमसीएच सेक्टर 32 चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page