पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के कानून अधिकारी (लॉ अफ़सर) के तौर पर तैनात एडवोकेट गौतम मजीठिया को 8 लाख रुपए रिश्वत की मांग करने और लेने के दोष अधीन काबू किया। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त कानून अधिकारी, निवासी ग्रीन फील्ड, मजीठा रोड, अमृतसर को जतिन्दर सिंह, निवासी प्रताप ऐवेन्यू, अमृतसर की तरफ से आनलाइन शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाईन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने शिकायत में कहा कि उक्त कानून अधिकारी ने उसकी ज़मीन एक्वायर करने के बदले ज़िला अदालत के निर्देशों पर 20 प्रतिशत और अधिक मुआवज़ा भाव 20 लाख रुपए का अतिरिक्त मुआवज़ा जारी करने के एवज़ में 8 लाख रुपए बतौर रिश्वत लिए थे। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की रकम की अदायगी सम्बन्धी वकील के साथ हुई सारी बातचीत रिकार्ड करके सबूत के तौर पर विजीलेंस ब्यूरो को सौंपी दी।
