उन्नाव में पुरवा कोतवाली क्षेत्र के खरगी खेड़ा गांव में हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां पटाखे लादकर एक ट्रक रायबरेली की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। बताया जा रहा हैकि आग लगने से 3 घंटे तक पटाखे धू-धू कर जलने लगे। हालांकि गनीमत यह रही कि ट्रक चालक क्लीनर ट्रक से कूद गए थे और मौके से भाग निकले। इस हादसे में ट्रक भी जल कर राख हो गया। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और तीन घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान लगातार ट्रक में लदे पटाखे फूटते रहे। तमिलनाडु से 30 लाख कीमत की पटाखों से लदा ट्रक बहराइच जा रहा था। जिले के दही पुरवा रोड के खरगी खेडा गांव के पास सुबह चार बजे अचानक ट्रक से निकली चिंगारी पटाखे तक पहुंच गई, जिससे आग लग गई। धीरे-धीरे ट्रक में लदे पटाखे जलने लगे। ट्रक चला रहे चालक की पीछे नजर पड़ी तो वह सहम गया। उसने हिम्मत जुटाकर किसी तरह बस्ती के इलाके को पार किया और सुनसान जगह पाते ही वह और क्लीनर दोनों ने ट्रक खड़ा किया और भाग निकले। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और सारे पटाखे जलने लगे। कुछ देर तो यूं लगा कि जैसे दिवाली मनाई जा रही हो।
