होशियारपुर के दसूहा में स्थित उच्ची बस्सी में देर रात ट्रक और कार में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि इस हादसे में कार को आग लग गई है और हादसे में देर रात 4 युवकों की मौत हो गई। वहीं आज सुबह 5वें युवक की भी मौत हो गई। मरने वाले पांचों युवक जालंधर के रहने वाले है। मृतकों की पहचान इंद्रजीत कौंडल, ऋषभ मिन्हास, सुरजीत, अंकित और राजू के रूप में हुई है। यह सभी भार्गव कैंप के रहने वाले है, जबकि अंकित कुमार घास मंडी का रहने वाला है। हादसा इतना जबरदस्त था कि मृतकों के शरीर के कई अंग बिखरे मिले। बताया जा रहा है कि ये सभी कार में जालंधर से पठानकोट जा रहे थे। पुलिस ने इनके शवों और क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।

प्रत्यक्षदर्शी गुरमीत सिंह ने बताया कि वह साथियों के साथ अपनी कार में सवार होकर मुकेरियां से दसूहा की ओर आ रहा था। जब वह गांव उच्ची बस्सी गांव के पास पहुंचा तो देखा कि जालंधर नंबर की गाड़ी से आग की लपटें निकल रही थी। मेरे आने से करीब एक दो मिनट पहले ही हादसा हुआ था। हमने किसी तरह 4 लोगों को बाहर निकाला। जिसमें दो लोगों की मौत हो चुकी थी, दो की सांस चल रही थी। एक अन्य खुद ही किसी तरह बाहर आ गया था। जिसे सबसे पहले अस्पताल भेजा गया (इलाज के दौरान मौत)। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद जांच के लिए पुलिस और एम्बुलेंस पहुंच गई। मगर जब तक दो अन्य की भी मौत हो गई थी।
गुरमीत ने बताया कि सभी को अस्पताल भेजने के बाद वह वहां से निकल गए थे। करीब 500 मीटर दूर पहुंचे तो आगे जाकर देखा कि एक ट्रक झाड़ियों में पलटा हुआ है। जिसका ड्राइवर उसी में फंसा हुआ था। उसे भी किसी तरह बाहर निकाल कर दसूहा के सिविल अस्पताल में भेजा गया। गुरमीत ने बताया कि ट्रक चालक कार को टक्कर मारने के बाद वहां से भाग निकला था। मगर आगे जाकर वह भी हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंची। जिन्होंने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया।
थाना दसूहा के एसएचओ हरप्रेम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही क्राइम सीन पर पहुंच गए थे। हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार जालंधर नंबर की थी। कार की डिटेल के आधार पर मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच के बाद आज मामले में केस दर्ज किया जाएगा। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल दसूहा में भेज दिया गया है।
