जालंधर में बेटी की शादी के दौरान एक डीएसपी की पत्नी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब डेढ़ लाख रुपए, एक मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज मौजूद थे। घटना अर्बन एस्टेट फेस-1 में स्थित वॉइट डाइमेंड रिजॉर्ट में हुई। इसे लेकर थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने दो अज्ञात लड़कियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एरिया के सीसीटीवी के जरिए पुलिस आरोपियों की रूट खंगालने में जुटी हुई है। बता दें कि डीएसपी की बेटी की शादी वॉइट डाइमेंड रिजॉर्ट में थी।
पुलिस द्वारा दर्ज किए गए केस में डीएसपी सतनाम सिंह ने कहा- बीते दिन उनकी बेटी की शादी जालंधर अर्बन एस्टेट फेस-1 में स्थित वॉइट डाइमेंड रिजॉर्ट में थी। पार्टी के दौरान बेटी के फेरों के लिए उन्हें गुरुद्वारा पर जाना था। पूरा परिवार गुरुद्वारा पर पहुंचा और फेरों की प्रक्रिया शुरू की गई। ये सारा काम करीब 1.30 घंटे तक चला। जब डीएसपी सतनाम सिंह की पत्नी वहां से निकलने लगी तो उन्होंने देखा कि पर्स अपने जगह से गायब था।
पूरे धार्मिक स्थल पर पर्स ढूंडा गया, मगर कुछ हाथ नहीं लगा। जिसके बाद डीएसपी ने तुरंत मामले की जानकारी एरिया पुलिस को दी। पुलिस ने क्राइम सीन पर पहुंच कर धार्मिक स्थल पर लगे सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि परिवार के साथ दो कम उम्र की लड़कियां भी उनके बीच मौजूद थी।जोकि उनका पर्स लेकर फरार हो गई थी। पुलिस सीसीटीवी चेक करने हुए पुलिस जांच 66 फुटी रोड तक पहुंच गई है। जहां पर आखिरी बार दोनों लड़कियों को देखा गया था। जल्द पुलिस मामले की जांच के बाद दोनों लड़कियों को हिरासत में लेगी।
