किसान आंदोलन को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कई बड़े खुलासे किए हैं। दरअसल, सरकार के साथ अपनी मांगों को लेकर बात नहीं बनने के बाद किसानों ने दिल्ली के लिए मोर्चा खोल दिया है। हजारों की संख्या में किसान दिल्ली के लिए निकल पड़े हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किसानों से दिल्ली कूच न करके बातचीत जारी रखने की अपील की है। अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार द्वारा किसानों के लिए किए गए कामों की दुहाई दी।
ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने कृषि क्षेत्र के बढ़ावे के लिए और किसान के कल्याण के बहुत सारे कार्य किए हैं। इस बार जब किसानों ने मांग रखी तब हमने चर्चा के लिए एक दम से सहमति जताई। इस बार भी हमारे केंद्रीय मंत्री चंडीगढ़ गए और कई घंटे तक वार्ता भी की। बातचीत के बीच जब किसान उठ कर चल पड़े तब भी हमने कहा कि चर्चा को जारी रखिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब नए मुद्दे जुड़ते जाएंगे तो समय तो लगेगा। हमारा कहना है कि हम नए विषयों पर भी चर्चा करने के लिए तैयार हैं लेकिन इस पर अन्य लोगों से भी बात करनी पड़ेगी, क्या ये गलत हैं?। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं प्रदर्शनकारियों से बस यही कहूंगा कि हिंसा ना करें, उग्र ना हों। मैं सभी किसान नेताओं से अनुरोध करता हूं कि कृपया करके बातचीत का दौर जारी रखें।
किसानों के साथ बातचीत के दरवाज़े सरकार ने सदा खोल रखे हैं। अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि एकदम से नए मुद्दों को चर्चा में जोड़ते रहने से उनका तत्काल समाधान नहीं हो सकता। अगर आप भारत के WTO से अलग होने की बात करोगे, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट खत्म करने की बात करोगे, स्मार्ट मीटर लगाने बंद कर दोगे, पराली वाले विषय पर हमें बाहर कर दोगे या जलवायु के मुद्दे से कृषि को बाहर करने की बात करोगे, दो यह एक दिन के निर्णय नहीं है। इसके लिए दूसरे स्टेकहोल्डर और राज्यों से भी बात करनी होगी। और इसलिए सरकार ने इसके ऊपर विस्तृत चर्चा करने हेतु कमेटी बनाने का प्रस्ताव भी दिया है। सरकार की ओर से ना पहले कमी थी ना अब कमी है।
