सरपंच द्वारा एक व्यक्ति को गोली मारने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव ढिल्लवां (पी) के पूर्व सरपंच ने पुरानी रंजिश के चलते सरेआम चौक में गांव के ही एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे परिजनों द्वारा सिविल अस्पताल बरनाला में दाखिल करवाया गया है। मौके पर मिली जानकारी के अनुसार उपस्थित निवासियों ने बताया कि मेवा सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी राजा पत्ती के रिश्तेदार का आज भोग समारोह था और वह अपनी दुकानों के पास खड़े थे।
तभी गांव ढिल्लवां (पी) का सरपंच जोगिंदर सिंह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटरी पर सवार होकर आया तो मेवा सिंह ने सरपंच से कहा कि हम बैठकर शिकवे दूर कर लेते हैं। इतना कहने के बाद सरपंच ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और मेवा को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली मेवा सिंह की जांघ में लगी। इसके बाद सरपंच ने घायल मेवा सिंह को कहा कि अब बोल क्या कह रहा था, इसके बाद वह फरार हो गया।
गोली की आवाज सुनकर भोग में मौजूद रिश्तेदार एकत्र हो गए और मेवा सिंह को घायल हालत में सिविल अस्पताल बरनाला में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना का पता चलते ही बड़ी संख्या में गांव निवासी और एसएचओ इंस्पेक्टर कुलजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और लोगों के बयान दर्ज किए और खून के नमूने लिए। फिलहाल, पुलिस प्रमुख इंस्पेक्टर कुलजिंदर सिंह का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
