लुधियाना स्थित हरगोबिंदर नगर में आज सुबह 4 बजे शॉर्ट सर्किट के चलते एक घर की पीवीसी में भीषण आग लग गई। इस दौरान म्यूजिक स्टूडियो के अंदर सो रही युवती और कुत्ते की धुआं से दम घुटने से मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर शीना के रूप में हुई है। वह अपनी कजिन सिस्टर के साथ उसके रेस्टोरेंट में काम करती थी। वहीं, सूचना पर डिवीजन नंबर 3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। जहां पर आज पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जानकारी देते हुए मृतक युवती के पिता कंवलजीत सिंह ने बताया कि घर में ग्राउंड फ्लोर पर कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा है। पहली मंजिल पर म्यूजिक स्टूडियो बना है, जिसमें बेटी, पत्नी और कुत्ता रात को सो गए। वह और बेटा राजन ग्राउंड फ्लोर पर सो गए। आज सुबह वह करीब साढ़े 3 बजे उठे। उनकी पत्नी चाय बना रही थी। अचानक से स्टूडियो में धमाका हुआ। जिसके बाद वह तुरंत ऊपर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा बंद था और स्टूडियों में आग लगी थी। कंवलजीत सिंह के मुताबिक, उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया, लेकिन मौके पर फायर ब्रिगेड की कोई गाड़ी नहीं पहुंची। वहीं, उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के चलते दरवाजा खोलने में असमर्थ रहे।
जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से बाल्टियों से आग पर पानी डाला। तपिश कुछ कम होने पर वह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन कमरे में बने धुआं के चलते बेटी प्रभजोत और कुत्ते की मौत हो चुकी थी। वहीं, स्टूडियो का सारा सामान जलकर राख हो गया। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पिता कंवलजीत सिंह के मुताबिक, बेटी प्रभजोत कौर ने M.Com की हुई थी। अब वह अपनी कजिन सिस्टर के साथ रेस्टोरेंट में काम करती थी। थाना डिवीजन नंबर 3 के SHO अमृतपाल सिंह के मुताबिक, युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
