पंजाब के जालंधर में 2 फर्जी पुलिसकर्मियों ने युवकों से भर्ती करवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी कर दी। भर्ती का विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने SSP ऑफिस और PAP बाहर रजिस्टरों पर फर्जी हाजिरी तक लगा दी और उन्हें ड्यूटी के लिए अलग अलग इलाकों में भेज दिया जाता था। इसका भंडाफोड तो तब हुआ जब पीड़ित युवकों की 3 माह तक सैलरी नहीं आई। सारे मामले की जांच करीब तीन साल तक चली। जिसके बाद थाना जालंधर कैंट की पुलिस ने कैंट के मोहल्ला नंबर-32 के रहने वाले अमित कुमार और बलविंदर कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है
पुलिस को दी गई शिकायत में जालंधर कैंट के रहने वाले चेतन ने बताया कि उसके पिता वैल्डिंग का काम करते हैं। आरोपी चेतन के पिता की दुकान पर गए थे। जहां अमित ने सारे मामले की जानकारी उसके पिता को दी और अपने झांसे में ले लिया। आरोपी ने उससे कहा कि वह पीएपी में दर्जा चार कर्मचारी की भर्ती करेगा। जिसके लिए एक लाख रुपए लगेंगे। पीड़ित ने बताया कि आरोपी का कहना था कि अगर वह दूसरे युवक को भर्ती करेगा तो वह उससे कम पैसे लेगा और उसे जल्द ही प्रमोट भी कर देगा। इसके बाद जब उसने अपने दोस्तों के साथ पुलिस में भर्ती होने की बात कही तो, उसके दोस्त मनीष कुमार, विक्रम कुमार, सौरव कुमार, सुनील कुमार, नवीन, अभिषेक, मणि और अशोक कुमार ने मिलकर आरोपी को कुल 9 लाख रुपए दिए। आरोपी ने बताया कि उसका काम पुलिस द्वारा जारी नोटिस को डाक से लोगों के घर तक पहुंचाना था, जिसका एक माह का वेतन 26 हजार रुपए मिलेगा।
पैसे लेने के बाद एक माह जब आरोपियों ने पीड़ितों को पुलिस लाइन में बुला लिया। जहां बलविंदर कुमार से पहली बार उनका मुलाकात हुई। बलविंदर सिंह ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मुलाकात करवाई। जहां ड्राइविंग टेस्ट करवाया गया। कुछ देर बाद कहा गया कि टेस्ट में पास हो गए हैं। आरोपियों ने उन्हें अगले दिन पुलिस लाइन के बाहर मिलने के लिए कहा था। फिर यहां से फर्जी हाजिरी का सिलसिला शुरू हुआ। पहले तो आरोपियों ने पीएपी के बाहर बुलाकर फर्जी हाज़िरी लगवानी शुरू की। 15 दिन तक ऐसे ही चला। हाज़िरी लगवाने के बाद उन्हें घर भेज दिया जाता था। 15 दिन बाद ऐसे ही एसएसपी ऑफिस में 15 दिन तक हाज़िरी लगवाई गई। धोखाधड़ी का तब पता चला जब दो महीने बाद भी वेतन नहीं आया। जब उन्होंने आरोपियों से बात की तो वे टाल-मटोल करने लगे। जिसके बाद जब उन्होंने खुद पता किया तो उन्हें पता चला कि वे धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद में उन्होंने इसकी शिकायत उच्च पुलिस अधिकारियों से की। जहां से शिकायत कैंट थाने भेज दी गई और करीब तीन साल की जांच के बाद पुलिस ने अमित कुमार और बलविंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
