जालंधर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और सांसद रहे महिंदर सिंह केपी शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए। सोमवार को पार्टी जॉइन कराने के लिए अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल उनके घर पहुंचे। जहां उन्होंने मोहिंदर केपी को पार्टी में शामिल करवाया। इस दौरान सुखबीर बादल ने जालंधर सीट का ऐलान भी कर दिया। जालंधर सीट से मोहिंदर सिंह केपी ने नाम पर सुखबीर बादल ने मोहर लगा दी है। बता दें कि इससे पहले देर रात केपी को मनाने के लिए पूर्व CM और जालंधर लोकसभा सीट से उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी उनके घर पहुंचे थे। मगर कुछ हाथ नहीं लगा।
महिंदर सिंह केपी बोले कि कांग्रेस और शिअद का इतिहास 100-100 पुराना है। कांग्रेस ने कदर नहीं की। मगर पंजाब के मसलों के लिए जो काम अकाली दल ने किया वो कांग्रेस ने नहीं किया। कांग्रेस ने मेरे परिवार की कुर्बानियों को दरकिनार किया था। मगर उसे शिअद ने समझा, इसलिए मैं आज अकाली दल जॉइन कर रहा हूं। लोग आज फिर अकाली दल को सत्ता में देखना चाह रहे हैं। महिंदर सिंह केपी ने कहा- मेरे परिवार ने कांग्रेस की बहुत सेवा की है। मेरे पिता कांग्रेस में रहते हुए शहीद हुए थे। कांग्रेस शहीदों के परिवारों के साथ ऐसा कर रही है। इसलिए मैंने पार्टी छोड़ी।
