• Thu. Feb 5th, 2026

जालंधर से बड़ी खबर : ट्रेन आने पर फाटक खुला छोड़कर सो गया गेटमैन

ByPunjab Khabar Live

Apr 27, 2024

जालंधर में नागरा रेलवे क्रॉसिंग के पास आज (शनिवार) सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। नागरा रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन ट्रेन आने से पहले फाटक बंद नहीं कर पाया। गनीमत यह रही कि एक राहगीर ने ये सारा घटनाक्रम देख लिया। जिसके बाद उसने तुरंत दोनों तरफ से ट्रैफिक रोक लिया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया। मिली जानकारी के अनुसार उक्त रेलवे क्रॉसिंग से कई सब्जी विक्रेता गुजरते हैं।

ये घटना आज तड़के करीब पांच बजे की है। जिस व्यक्ति ने दोनों तरफ से ट्रैफिक रोका, उसने जब गेटमैन के कमरे में देखा तो वह सो रहा था। जिसके बाद उसने मौके पर उक्त गेटमैन का वीडियो भी बनाया। घटना की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को दी गई है। राहगीरों के मुताबिक, घटना के वक्त एक साइकिल सवार पटरी पर गया था, मगर समय रहते उसे बचा लिया गया। जिसके बाद गेटमैन द्वारा फाटक बंद किया गया।

सब्जी मंडी जा रहे गणेश कुमार ने बताया कि वह जब फाटक क्रॉस करने लगा तो उसने एक दम से देखा कि ट्रेन आ रही है। ट्रेन का हॉर्न सुनकर किसी तरह गणेश ने अपनी जान बचाई। पीड़ित बोला कि, जब गेटमैन से बात की गई तो उसने कहा कि मैंने सोचा कि फाटक बंद कर दिया है, लेकिन फाटक खुला था। सब्जी विक्रेता रवि शंकर ने कहा कि समय रहते दोनों तरफ से लोगों को ना रोका जाता तो घटना बड़ी हो सकती थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page