• Sat. Sep 26th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब-हरियाणा में बारिश से बिगड़ा किचनः आसमान पर पहुंची सब्जियों की कीमत, जाने रेट

ByPunjab Khabar Live

Sep 27, 2022

(PKL): पंजाब और हरियाणा में लगातार चार दिन तक बारिश के बाद हरी सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। सब्जियों की दरों में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी हो गई है, जिसकी वजह से दोनों राज्यों में आम लोगों का बजट गड़बड़ा गया है। व्यापारियों के अनुसार हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले एक सप्ताह में मटर और फूलगोभी जैसी सब्जियों की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है। मटर की खुदरा कीमत 130-150 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 250 तक हो गई है, जबकि टमाटर 40 से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। दोनों राज्यों के अलावा हिमाचल प्रदेश समेत कुछ पड़ोसी राज्यों में भारी मानसूनी बारिश के बाद कई सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसकी वजह से कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई है।

बींस और ककड़ी जैसी अन्य सब्जियों की खुदरा कीमतों में भी वृद्धि हुई है। ये क्रमश: 100-110 रुपये प्रति किलोग्राम और 50-60 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास हैं। फूलगोभी पहले 70-80 से करीब थी। अब 100-120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, करेला 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जो पहले 60 रुपये प्रति किलो था। गाजर की कीमत 50 से बढ़कर 60-70 रुपये हो गई है, जबकि लौकी 40 से बढ़कर अब 50-60 रुपये प्रति किलो हो गई है।

मूली की कीमतें 40 से बढ़कर 60-80 रुपये हो गई हैं। नींबू के दाम भी 25-30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति 250 ग्राम हो गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि धनिया 20 रुपये प्रति 100 ग्राम से बढ़कर 30 तक पहुंच गया है, जबकि मिर्च की कीमतें भी बढ़ गई हैं। हालांकि प्याज, आलू के अलावा सेब, नाशपाती और केले जैसे फलों की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। मौसम ठीक होने के कुछ दिनों बाद सब्जियों की कीमतों में स्थिरता आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page