• Thu. Feb 5th, 2026

बड़ी खबरः कांग्रेस विधायक और कोषाध्यक्ष के घरों सहित 5 बड़े प्राइवेट अस्पतालों में ED की रेड

ByPunjab Khabar Live

Jul 31, 2024

देश में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम आज 19 लोकेशन पर रेड कर रही है। हिमाचल प्रदेश में भी 5 लोकेशन पर प्राइवेट अस्पतालों और इनके संचालकों के घरों पर रेड जारी है। ईडी की टीम आज सुबह तड़के कांगड़ा और ऊना में अलग अलग ठिकानों में पहुंची। शिमला, मंडी और कुल्लू में भी ईडी की रेड की सूचना है। सूत्र बताते हैं कि यह रेड आयुष्मान भारत स्कीम में गड़बड़ियों से भी जुड़ी हो सकती है। मगर इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

सूचना के अनुसार, ईडी की टीम ने नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक आरएस बाली के घर और उनके निजी फोर्टिस अस्पताल पर रेड की है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के घर पर और इनके बालाजी अस्पताल पर भी ईडी ने दबिश दी है। डा. शर्मा सुबह के वक्त स्थानीय मंदिर में मूर्ति की स्थापना कर रहे थे। इस दौरान ईडी की टीम उन्हें अपनी गाड़ी में उठाकर ले गई।

बताया जा रहा है कि ईडी की लगभग 150 लोगों की टीम 40 गाड़ियों में कांगड़ा, ऊना, शिमला, मंडी और कुल्लू में अलग अलग ठिकानों पर पहुंची है। आरएस बाली और राजेश शर्मा के घर व अस्पताल के बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात है। अंदर ईडी की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। कांगड़ा के अन्य निजी अस्पताल पर भी रेड की सूचना है। हिमाचल के अलावा ईडी की टीम आज दिल्ली, चंड़ीगढ़, पंजाब में भी आयुष्मान भारत स्कीम में गड़बड़ी मामले में रेड कर रही है। उधर, ऊना जिला में भी ED की टीम एक प्राइवेट अस्पताल के तीन ठिकानों पर रेड कर है।

ऊना में ED ने श्री बांके बिहारी प्राइवेट अस्पताल पर रेड की है। टीम के अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचे और अस्पताल के भीतर जांच का सिलसिला जारी है। ED की टीम अस्पताल के रिकॉर्ड को खंगाल रही है। इसके अतिरिक्त ED की टीम दो अन्य जगहों पर भी जांच कर रही है। इनमें मैहतपुर के बसदेहड़ा में भी जांच जारी है। जो भी इसी अस्पताल से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं, पंजाब के नंगल में भी जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page