• Fri. Dec 5th, 2025

बड़ी खबरः अमेरिका के ट्रंप ने 12 देशों से एंट्री की बैन

ByPunjab Khabar Live

Jun 5, 2025

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान, अफगानिस्तान समेत 12 देशों पर नए यात्रा प्रतिबंध पर हस्ताक्षर किए। ट्रंप की घोषणा 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित और सीमित करती है। ट्रंप ने इसके लिए राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया है। इन देशों में भारत का एक पड़ोसी भी शामिल है, लेकिन हैरान करने वाली बात है कि ट्रंप प्रशासन ने दुनियाभर में आतंकवाद के सप्लायर पाकिस्तान को इससे बाहर रखा गया है। अमेरिका के इस दोहरे रवैये पर एक्सपर्ट सवाल उठा रहे हैं।

ट्रंप ने प्रतिबंध के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह कदम कोलराडो में यहूदियों के एक विरोध प्रदर्शन पर एक शख्स के फ्लेमथ्रोवर हमले के बाद उठाया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने हमलावर के बारे में कहा था कि वह देश में अवैध रूप से रह रहा था। अमेरिका ने जिन देशों के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया है, उनमें अफगानिस्तान, ईरान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं।

ट्रंप ने कहा, ‘हम किसी भी ऐसे देश से खुले प्रवास की अनुमति नहीं दे सकते, जहां हम सुरक्षित और विश्वसनीय तरीके से जांच और स्क्रीनिंग नहीं कर सकते। यही कारण है कि आज मैं यमन, सोमालिया, हैती, लीबिया और कई अन्य देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने वाले कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर रहा हूं।’ इसके अलावा ट्रंप ने सात देशों बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोग, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के यात्रियों पर आंशिक प्रतिबंध भी लगाया है। लेकिन ताज्जुब है कि आतंक की फैक्ट्री के रूप में मशहूर पाकिस्तान को उन्होंने बाहर रखा है।

ट्रंप के नए वीजा प्रतिबंध पर रक्षा विशेषज्ञ ब्रह्मचेलानी ने सवाल उठाए हैं और इसके दोहरेपन को रेखांकित किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेलानी ने लिखा, ट्रंप द्वारा 12 से आने वाले आगंतुकों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध में म्यांमार (जहां अमेरिका जुंटा विरोधी विद्रोहियों की सहायता कर रहा है) शामिल है, लेकिन आतंकवाद के केंद्र पाकिस्तान को इसमें शामिल नहीं किया गया है। जो भारत के पड़ोस के प्रति उनके डीप स्टेट नजरिए को दिखाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page