केंद्र सरकार ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सम्मान और इसके गायन को लेकर नई गाइडलाइन्स जारी की हैं। गृह मंत्रालय द्वारा जारी 28 जनवरी के आदेश के अनुसार, अब सभी सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों में राष्ट्रगान से पहले राष्ट्रगीत गाया जाएगा। सरकार यह कदम वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में उठा रही है।
नए प्रोटोकॉल के मुताबिक, जब भी वंदे मातरम गाया या बजाया जाएगा, वहां मौजूद हर व्यक्ति को सावधान (Attention) की मुद्रा में खड़ा होना होगा। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी आयोजन में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों शामिल हैं, तो राष्ट्रगीत को प्राथमिकता देते हुए उसे पहले गाया जाएगा।
अब तक राष्ट्रगीत के केवल पहले दो पैराग्राफ ही गाए जाते थे, लेकिन नई गाइडलाइन के तहत अब सभी 6 अंतरे गाए जाएंगे। इसकी कुल अवधि 3 मिनट 10 सेकंड निर्धारित की गई है। स्कूलों में अब दिन की पढ़ाई और असेंबली की शुरुआत इसी राष्ट्रगीत के साथ की जाएगी।
