• Tue. Feb 17th, 2026

वार्ड नंबर 12 में गंभीर रूप से बीमार गरीब परिवार को मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कार्ड जारी

ByPunjab Khabar Live

Feb 17, 2026

जालंधर: सेंट्रल हलके के वार्ड नंबर 12 में आज एक जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत प्रदान की गई। यह परिवार लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और आर्थिक कमजोरी के कारण उचित इलाज नहीं करवा पा रहा था। अस्पताल के बढ़ते खर्च, महंगी दवाइयों और आवश्यक जांचों का बोझ परिवार के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ था।

मामले की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जालंधर सेंट्रल हल्का इंचार्ज नितिन कोहली स्वयं परिवार के घर पहुंचे और उनकी स्वास्थ्य एवं आर्थिक स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभागों से तुरंत संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया शुरू करवाई।

सभी औपचारिकताएं पूरी होने और पात्रता की पुष्टि के बाद परिवार को मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कार्ड जारी करवाया गया। इस योजना के तहत अब परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकेगा, जिससे उन्हें इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि राज्य का कोई भी नागरिक केवल आर्थिक मजबूरी के कारण इलाज से वंचित न रहे। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम आदमी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि हर जरूरतमंद को समय पर और सम्मानजनक उपचार मिल सके।

जालंधर सेंट्रल क्षेत्र में जन-कल्याण को प्राथमिकता देते हुए घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान की जा रही है और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। विशेष रूप से गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और कमजोर वर्ग के लोगों को इस अभियान के तहत लाभ पहुंचाया जा रहा है।

अंत में जालंधर सेंट्रल हल्का इंचार्ज नितिन कोहली ने कहा कि उनका संकल्प है कि क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे स्वयं घर-घर जाकर पात्र लोगों की मदद सुनिश्चित करेंगे, ताकि हर नागरिक को सुरक्षित और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page