• Wed. Feb 18th, 2026

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ी गिरफ्तारी, मोस्ट वांटेड गैंगस्टर बॉबी ‘कबूतर’ गुरुग्राम से दबोचा

ByPunjab Khabar Live

Feb 18, 2026

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए मोस्ट वांटेड अपराधी बॉबी उर्फ “कबूतर” को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी पर हत्या से पहले मूसेवाला की गतिविधियों की रेकी करने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बॉबी कबूतर कथित तौर पर उस शूटर शाहरुख के संपर्क में था, जिसे शुरुआती योजना के तहत वारदात को अंजाम देना था। बताया जा रहा है कि शूटर ने जब मूसेवाला के साथ चल रहे AK-47 से लैस सुरक्षाकर्मियों को देखा तो उसने पीछे हटने का फैसला किया, जिसके बाद साजिश में बदलाव कर दूसरे शूटरों को जिम्मेदारी दी गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी साजिश कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़ी थी। हत्या के करीब चार साल बाद आरोपी की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

गौरतलब है कि 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पंजाब पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था और जांच अभी भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page