• Tue. Feb 17th, 2026

क्या राजनीति में आने वाले हैं डेरा ब्यास प्रमुख! बयान से खत्म हुई अटकलें

ByPunjab Khabar Live

Feb 17, 2026

पंजाब की राजनीति में पिछले काफी समय से डेरा ब्यास के पूर्व प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के राजनीतिक पारी शुरू करने को लेकर चल रही चर्चाओं का अब विराम लग गया है। नेता मंदीप सिंह मन्ना ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से विशेष मुलाकात की, जिसमें कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट की गई है। मन्ना ने बताया कि पंजाब के लोगों के मन में चल रहे संशय को दूर करने के लिए उन्होंने डेरा के पूर्व प्रमुख से मिलने का समय मांगा था और दो दिन पहले हुई इस मुलाकात में बाबा जी ने भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

मंदीप मन्ना के मुताबिक पंजाब में यह चर्चा जोरों पर थी कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों किसी राजनीतिक दल में शामिल हो सकते हैं या साल 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा बन सकते हैं। जब मन्ना ने यह सवाल उनके सामने रखा, तो बाबा गुरिंदर सिंह ने बेहद सरल और स्पष्ट शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि क्या सीएम का पद डेरा ब्यास की गद्दी से बड़ा है? उन्होंने साफ किया कि इतने प्रतिष्ठित और बड़े आध्यात्मिक पद से सेवामुक्त होने के बाद उनका मुख्यमंत्री बनने का कोई इरादा नहीं है। जिस डेरे के दर पर खुद प्रधानमंत्री नतमस्तक होने आते हों, वहां के प्रमुख के लिए राजनीति में जाने का प्रश्न ही पैदा नहीं होता।

मुलाकात के दौरान मंदीप मन्ना ने एक और गंभीर मुद्दा उठाया कि पिछले कुछ समय से तमाम बड़े राजनीतिक नेता डेरे में आकर आपके साथ फोटो खिंचवाते हैं और फिर उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। इस बात पर बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने तुरंत अपने कार्यालय को आदेश जारी किया कि भविष्य में कोई भी राजनीतिक नेता डेरे में आकर फोटो नहीं खिंचवाएगा। इसके लिए एक औपचारिक पत्र भी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में डेरे की छवि का राजनीतिकरण न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page