• Tue. Mar 31st, 2026

जालंधर: लूट गिरोह के खिलाफ डीसीपी का एक्शन, 3 गिरफ्तार, 15 मोबाइल और 2 एक्टिवा बरामद

ByPunjab Khabar Live

Mar 31, 2026

कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने शहर में सक्रिय लुटेरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर के दिशा निर्देशों पर थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस टीम ने लूटपाट करने वाले एक गिरोह को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुंदन शाह उर्फ कुंदन निवासी मधुबन कॉलोनी, जतिन कुमार उर्फ काकू निवासी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर और जशन मदिरा निवासी राज नगर के रूप में हुई है। इनके साथ गिरोह में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता अनिल कुमार जब अपनी मोटरसाइकिल पर काम से लौट रहे थे, तो नागरा रोड के पास दो एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल पर सवार पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने तेजधार हथियारों के बल पर अनिल कुमार से उनका मोबाइल फोन और 2000 रुपये नकद लूट लिए।

इसी गिरोह ने उसी समय एक अन्य मोटरसाइकिल चालक गुरविंदर सिंह पर भी हमला किया, उसे जख्मी किया और उसका मोबाइल व मोटरसाइकिल छीनने की कोशिश की। इन वारदातों के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए विशेष टीमें गठित कीं और 30 मार्च 2026 को छापेमारी कर इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। इसमें दो एक्टिवा ग्रे रंग, नंबर PB08-DU-9875 और PB08-DR-2276 है, जो चोरी की बताई जा रही हैं। इसके अलावा 15 मोबाइल फोन बरामद किए जो इन्होंने लेदर कॉम्प्लेक्स, शिव नगर और मकसूदां मंडी जैसे इलाकों से लोगों से छीने थे। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए 3 किरच, 1 दातर और 1 चाकू भी जब्त किया गया है।

थाना डिवीजन नंबर 1 में इन आरोपियों के खिलाफ केस नंबर 98 (धारा 310(2) BNS) और मुकदमा नंबर 99 (धारा 109, 304(2), 62, 191(3), 190 BNS और आर्म्स एक्ट) दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह (इंचार्ज क्राइम ब्रांच) और सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार (मुख्य अफसर थाना डिवीजन नंबर 1) ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान इनसे पूछताछ की जाएगी ताकि शहर में हुई अन्य लूट की वारदातों का भी खुलासा हो सके। पुलिस इस गिरोह के बाकी संपर्कों की भी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page