पंजाब में बैसाखी के पावन पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है और राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में संगत श्री आनंदपुर साहिब नतमस्तक होने पहुंच रही है। इसी बीच जालंधर से आ रही संगत के साथ एक बेहद डरावनी घटना घटी है।
जानकारी के अनुसार देर रात जब श्रद्धालु कीरतपुर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब के मध्य पहुंचे तो अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस अचानक हुए हमले में किसी भी श्रद्धालु के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन गोलियों की गूंज ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।
जालंधर की संगत पर हुए इस हमले के दौरान वहां स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। देर रात के सन्नाटे में अचानक हुई गोलियों की आवाज़ सुनकर श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर सुरक्षित स्थानों की तलाश में भागने लगे। इस हिंसक वारदात ने पवित्र तीर्थ स्थल की ओर जा रहे यात्रियों के मन में गहरा डर पैदा कर दिया है।
