• Fri. May 15th, 2026

पंजाब में 20 लाख की रिश्वत मामले में CBI जांच तेज, कई बड़े नाम आए सामने

ByPunjab Khabar Live

May 15, 2026

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो से जुड़े कथित 20 लाख रुपये के रिश्वत मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी CBI की दर्ज एफआईआर की कॉपी सामने आई है। सीबीआई ने 11 मई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 7 और 7ए के तहत मामला दर्ज किया था।

FIR के अनुसार मलोट के स्टेट टैक्स अफसर अमित कुमार ने 8 मई को CBI को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राघव गोयल और उनके पिता विकास गोयल उर्फ विक्की गोयल पंजाब विजिलेंस के डीजीपी शरद सत्य चौहान और उनके रीडर ओ.पी. राणा के बीच कथित तौर पर बिचौलियों की भूमिका निभा रहे थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके खिलाफ विजिलेंस विभाग में लंबित शिकायत को बंद करवाने के बदले उससे गैरकानूनी रकम की मांग की गई।

CBI जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपियों द्वारा कथित रूप से 13 लाख रुपये और एक महंगे मोबाइल फोन की मांग की गई थी। आरोप है कि यह रकम और मोबाइल विजिलेंस दफ्तर में लंबित शिकायत को निपटाने के एवज में मांगे गए थे। इस मामले में ओ.पी. राणा, राघव गोयल, विकास गोयल उर्फ विक्की गोयल और अन्य अज्ञात सरकारी व निजी व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर पवन कुमार को सौंपी गई है और जांच लगातार जारी है।

इस मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे विकास गोयल और उनके बेटे राघव गोयल को आज चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियां अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पैसों के लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page