• Mon. May 18th, 2026

पंजाब में स्कूलों में चल रही थी परीक्षा, तभी मिली बम धमाके की धमकी

ByPunjab Khabar Live

May 18, 2026

पंजाब के लुधियाना में कई स्कूलों और रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दुगरी स्थित बाल भारती स्कूल, डीएवी स्कूल सराभा नगर एक्सटेंशन, सेक्रेड हार्ट स्कूल और द एशियन स्कूल को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। इसके अलावा हलवारा एयरपोर्ट की पार्किंग और धूरी से दिल्ली रेलवे ट्रैक को भी उड़ाने की धमकी दी गई है।

धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एंटी सबोटाज टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। स्कूलों को खाली करवाकर पूरे परिसर की गहन जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि कुछ स्कूलों में उस समय परीक्षाएं चल रही थीं, जिसके कारण छात्रों और अभिभावकों में दहशत फैल गई।

धमकी की खबर फैलते ही पेरेंट्स में घबराहट का माहौल बन गया। कई अभिभावक अपने काम छोड़कर तुरंत बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए। वहीं संगरूर जिले के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की सूचना सामने आई है।

थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि स्कूलों को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद एंटी सबोटाज टीमों की मदद से सभी स्कूलों और संबंधित जगहों पर जांच की गई, लेकिन फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि साइबर टीम ई-मेल की लोकेशन और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page