पंजाब और चंडीगढ़ में आज मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा 24 घंटे की हड़ताल की जा रही है। इस बंद के चलते मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल का आह्वान पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से किया गया है। हालांकि जालंधर मेडिकल एसोसिएशन की तरफ से हड़ताल नहीं की गई है और दुकानें खोली जाएंगी।
एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन दवा बेचने वाली कंपनियां नियमों की अनदेखी कर रही हैं, जिससे स्थानीय मेडिकल स्टोर कारोबारियों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। केमिस्टों के मुताबिक यह हड़ताल सोमवार रात 12 बजे से शुरू हुई थी, जो आज रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार पंजाब में करीब 24 हजार लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर हैं, जबकि चंडीगढ़ में एक हजार से ज्यादा दवा दुकानें संचालित होती हैं। हड़ताल के कारण दवाइयों की होलसेल और रिटेल मार्केट पूरी तरह प्रभावित रही। ऐसे में कई मरीजों को जरूरी दवाइयां नहीं मिल सकीं।
केमिस्ट एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना डॉक्टर की वैध पर्ची और जरूरी जांच के दवाइयां लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उनका कहना है कि पर्चियों की सही तरीके से जांच न होने के कारण नशीली दवाओं के गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ रहा है, खासकर युवाओं में इसका दुरुपयोग चिंता का विषय बनता जा रहा है।
