• Sun. Oct 4th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

ByPunjab Khabar Live

May 20, 2026

पंजाब और चंडीगढ़ इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 23 मई तक सीवियर हीटवेव यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार के मुकाबले पंजाब के तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में कई जिलों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 25 मई से 2 जून तक नौतपा शुरू होने जा रहा है। इन नौ दिनों को साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस दौरान सूरज की तपिश इतनी तेज होती है कि दिन में सड़कें आग की तरह तपने लगती हैं, जबकि रात में भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलती। हर साल नौतपा के दौरान हीटवेव की स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है और मौसम विभाग की ओर से विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्मी और लू के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। ऐसे में लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

भीषण गर्मी को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। शहर के स्कूल 23 मई से 30 जून 2026 तक बंद रहेंगे। हालांकि 29 और 30 जून को शिक्षकों को स्कूल आना होगा। वहीं पंजाब में भी जल्द स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों को लेकर घोषणा की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page