• Sat. May 23rd, 2026

जालंधर में ओवरस्पीड ऑडी अनियंत्रित होकर पलटी, दूसरी कार भी चपेट में आई

ByPunjab Khabar Live

May 23, 2026

जालंधर के संविधान चौक (बीएमसी चौक) के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ऑडी कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कार चालक घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत थाना-4 की पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कार की तलाशी के दौरान अंदर से शराब की बोतल बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद लोगों ने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में कार चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि ऑडी कार बीएसएफ चौक की तरफ से संविधान चौक की ओर आ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसे के दौरान ऑडी ने आगे चल रही एक दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया।

कार सड़क के बीचों-बीच पलटने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को हटवाकर ट्रैफिक को सुचारु कराया।

घटनास्थल से गुजर रहे पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने बताया कि हादसा काफी तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। वहीं थाना-4 की एसएचओ अनु पलयाल ने कहा कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page