• Mon. May 25th, 2026

जालंधर में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

ByPunjab Khabar Live

May 25, 2026

जालंधर शहर के किशनपुरा इलाके में स्थित एक घर में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घर के मंदिर में चल रहे पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

आग बुझाने के दौरान फटा सिलेंडर
घटना के दौरान आसपास के लोग आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन इसी बीच घर के अंदर रखा सिलेंडर फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे कई लोग झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने चार गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

भाजपा नेता प्रशांत गंभीर के पिता सुदर्शन कुमार ने बताया कि वह सुबह सैर के लिए घर से निकल रहे थे। इसी दौरान मंदिर में लगे पंखे में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

उन्होंने बताया कि धुआं उठता देख आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन आग बुझाने के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे कई लोग झुलस गए। सुदर्शन कुमार ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम देरी से पहुंची, जिसके कारण घर का पूरा सामान जल गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी। उन्होंने कहा कि इलाके की गलियों में बिजली की तारें काफी नीचे लटक रही थीं, जिस कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हुई और देरी लगी। चार फायर टेंडरों की मदद से टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मामले की जानकारी देते हुए एएसआई सेवा सिंह ने कहा कि कंट्रोल रूम पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा थी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग के कारण घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page