• Mon. Aug 24th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

16वीं बार जेल से बाहर आया राम रहीम, 30 दिन की पैरोल पर सिरसा पहुंचा

ByPunjab Khabar Live

May 26, 2026

हरियाणा की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। यौन उत्पीड़न और पत्रकार हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम इस बार 30 दिनों के लिए जेल से बाहर आया है। खास बात यह है कि उसे अब तक 16वीं बार पैरोल या फरलो दी जा चुकी है। इससे पहले वह इसी साल जनवरी और फरवरी में 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर रहा था।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे राम रहीम को रोहतक स्थित सुनारिया जेल से रिहा किया गया। जेल से बाहर आने के बाद वह कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा के लिए रवाना हुआ। सुबह लगभग 9:15 बजे वह टोयोटा लैंड क्रूजर, फॉर्च्यूनर लेजेंडर और पुलिस की दो वैन समेत करीब 8 गाड़ियों के काफिले के साथ सिरसा पहुंचा। बताया जा रहा है कि कुछ गाड़ियां रास्ते में काफिले में शामिल हुईं।

डेरा प्रमुख राम रहीम 25 अगस्त 2017 से जेल में बंद है। उसे साध्वियों के यौन उत्पीड़न के दो मामलों में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 17 जनवरी 2019 को पत्रकार राम चंद्र छत्रपति हत्या मामले में सीबीआई अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

इसके अलावा अक्टूबर 2021 में सीबीआई कोर्ट ने डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह हत्या मामले में भी राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि करीब तीन साल बाद पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले में उसे बरी कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page