• Fri. May 29th, 2026

जालंधर देहात निकाय चुनाव में AAP का जलवा, लोहियां में 9 सीटों पर जीत

ByPunjab Khabar Live

May 29, 2026

जालंधर देहात के लोहियां खास और करतारपुर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। नगर पंचायत लोहियां के 13 वार्डों के लिए 26 मई को हुए मतदान की मतगणना पूरी हो चुकी है, जिसमें AAP ने 9 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं कांग्रेस को 4 सीटों से संतोष करना पड़ा। शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार इस चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल सके।

नतीजों के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों में जश्न का माहौल देखने को मिला। कई जगहों पर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।

बलकार सिंह बोले- लोगों ने फिर जताया भरोसा
पूर्व मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि निकाय चुनावों में जनता ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी की नीतियों और कामों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की कार्यशैली से प्रभावित होकर लोगों ने पार्टी उम्मीदवारों को भारी समर्थन दिया है।

उन्होंने दावा किया कि करतारपुर में पार्टी ने 15 में से 9 सीटों पर जीत दर्ज की है और यह पहली बार है जब किसी सत्ताधारी पार्टी को इस तरह की बड़ी बढ़त मिली है। बलकार सिंह ने इसे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जनता का सकारात्मक संकेत बताया।

करतारपुर में भी AAP को बढ़त
करतारपुर नगर परिषद चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने कई वार्डों में जीत हासिल की। हालांकि कुछ वार्डों में कांग्रेस और आजाद उम्मीदवारों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वार्ड 9 और वार्ड 14 में कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि कुछ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी सफल रहे।

पंजाब में AAP 250 सीटों पर आगे
पंजाब निकाय चुनावों के लिए राज्यभर के 115 काउंटिंग सेंटरों पर सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों और घोषित नतीजों में आम आदमी पार्टी 250 से ज्यादा सीटों पर जीत या बढ़त के साथ सबसे आगे चल रही है। कांग्रेस करीब 90 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी कई क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन कर तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं अकाली दल भी कई इलाकों में अच्छा प्रदर्शन करती नजर आ रही है और पार्टी करीब 70 सीटों पर आगे चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page