• Mon. Jul 6th, 2026

बाबा बर्फानी का शिवलिंग अब करीब एक फीट का, बढ़ते तापमान का दिखा असर

ByPunjab Khabar Live

Jul 6, 2026

श्री अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के पवित्र हिम शिवलिंग का आकार इस साल तेजी से कम हो रहा है। ताजा तस्वीरों के अनुसार शिवलिंग अब लगभग एक फीट ऊंचाई का रह गया है। 23 मई को जारी तस्वीरों में इसकी ऊंचाई करीब 7 फीट दर्ज की गई थी, जबकि 29 जून को प्रथम पूजा के समय भी यह पांच फीट से अधिक था। महज कुछ दिनों के भीतर हिम शिवलिंग का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा पिघल चुका है। हालांकि इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है और बड़ी संख्या में भक्त लगातार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है। यात्रा के शुरुआती तीन दिनों में ही 56 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में करीब 18.6 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। वर्ष 2025 में यात्रा के पहले तीन दिनों में 47,972 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस बार शुरुआत से ही यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने बताया है कि 9 जुलाई तक अमरनाथ यात्रा के सभी पंजीकरण स्लॉट पूरी तरह भर चुके हैं। ऐसे में बिना रजिस्ट्रेशन के यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं से फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन श्रद्धालुओं के पास वैध रजिस्ट्रेशन नहीं होगा, उन्हें बालटाल और पहलगाम मार्ग के चेक पोस्ट पर ही रोक दिया जाएगा। केवल रजिस्टर्ड यात्रियों को ही कश्मीर की ओर आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। अन्य श्रद्धालुओं को 9 जुलाई के बाद उपलब्ध स्लॉट के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page