• Mon. Sep 28th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

सुखबीर बादल पर हमले का बड़ा खुलासा! पुलिस पूछताछ में सामने आया हत्या की कोशिश का दावा

ByAdmin

Aug 14, 2026

महाराष्ट्र के नांदेड स्थित गुरुद्वारा माता साहिब में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमला करने वाले निहंग की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ के मुताबिक आरोपी निहंग जसपाल सिंह ने सुखबीर बादल की छाती पर कृपाण से वार करने की कोशिश की थी। बताया जा रहा है कि सुखबीर बादल के सामने आते ही आरोपी ने कृपाण निकालकर उनकी ओर हमला किया। इस दौरान सुखबीर बादल ने बचाव के लिए अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे कृपाण छाती तक नहीं पहुंच सकी और उनके हाथ पर चोट लग गई।

हमले में सुखबीर बादल के हाथ पर करीब 5 सेंटीमीटर लंबा कट आया। डॉक्टरों ने ईलाज के दौरान उनके हाथ पर 8 से 9 टांके लगाए। घटना के बाद उन्हें चिकित्सकीय सहायता दी गई।

नांदेड के एसपी निलाभ रोहन के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कहा है कि वह पंजाब में नशे की समस्या को लेकर गुस्से में था और इसी वजह से उसने सुखबीर बादल पर हमला किया। पुलिस आरोपी से घटना के पीछे की पूरी वजह और उसके इरादे को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

गुरुद्वारा प्रबंधन के बाबा जग्गा सिंह ने बताया कि आरोपी जसपाल सिंह पिछले करीब दो साल से गुरुद्वारे में सेवा कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि आरोपी मानसिक तौर पर ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page