पंजाब के एक सिख युवक का सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो सामने आया है। युवक मेक्सिको में फंसे होने का दावा करते हुए लोगों से वहां न जाने की अपील कर रहा है। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर अपने साथ मारपीट किए जाने की बात कहता नजर आ रहा है। उसका कहना है कि उसकी हालत इतनी खराब है कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा।
वीडियो में युवक ने अपनी पहचान नहीं बताई है। उसका दावा है कि वह डंकी रूट के जरिए मेक्सिको पहुंचा था। वहां पहुंचने के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। युवक वीडियो में अपनी खराब हालत दिखाते हुए कहता है कि वह ठीक से चलने में भी सक्षम नहीं है।
युवक रोते हुए लोगों से मेक्सिको न आने और किसी भी एजेंट के झांसे में न फंसने की अपील करता है। वह अपनी गलती का जिक्र करते हुए कहता है कि उसने जो किया, वैसी गलती कोई और न करे। युवक के मुताबिक, उसने वहां से निकलने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसके साथ फिर मारपीट की गई।
वीडियो में वह कैमरा चला रहे व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए दावा करता है कि यही व्यक्ति उसे यहां तक लेकर आया था। इसके बाद युवक हाथ जोड़कर लोगों से अपील करता है और अंत में माफी मांगता हुआ दिखाई देता है।
वीडियो सामने आने के बाद मेक्सिको में एक भारतीय सिख युवक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो में युवक द्वारा किए गए दावों को लेकर लोग डंकी रूट और विदेश भेजने वाले एजेंटों के जरिए युवाओं के फंसने पर भी सवाल उठा रहे हैं।

