• Mon. Sep 28th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब कांग्रेस में मची हलचल, राहुल गांधी जल्द पहुंच सकते हैं अमृतसर; नेताओं से करेंगे मंथन

ByAdmin

Aug 14, 2026

पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अब सक्रिय नजर आ रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में चल रहे मतभेदों को दूर करने और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इसी महीने के अंत में पंजाब दौरे पर आने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के अमृतसर पहुंचने की संभावना है। इस दौरान वह श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हो सकते हैं। राहुल गांधी के संभावित पंजाब दौरे की खबर सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि दौरे के दौरान राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और राज्य इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। इन बैठकों में पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, राहुल गांधी के दौरे का अंतिम कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और संगठन से जुड़े मामलों को लेकर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता लगातार दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। बैठकों में पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

इसी सिलसिले में पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि बाजवा ने पंजाब कांग्रेस के विधायकों की राहुल गांधी के साथ बैठक के लिए भी समय मांगा है।

पंजाब कांग्रेस में अलग-अलग नेताओं के बीच मतभेद और गुटबाजी लंबे समय से पार्टी के लिए चुनौती बने हुए हैं। ऐसे में राहुल गांधी का संभावित पंजाब दौरा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश चुनाव से पहले नेताओं को एकजुट करने और संगठन को मजबूत करने की है।फिलहाल राहुल गांधी के दौरे की तारीख और कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page