फरीदकोट जिले के स्कूल-कॉलेज के छात्रों और सरकारी कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। फरीदकोट के डिस्ट्रिक्ट मैजिस्ट्रेट राहुल चाबा ने 23 सितंबर को जिले में स्थानीय सरकारी छुट्टी की आधिकारिक घोषणा की है। यह फैसला महान सूफी संत बाबा शेख फरीद जी के आगमन पर्व को श्रद्धा और धूमधाम से मनाने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि लोग इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में भाग ले सकें।
जारी किए गए आदेशों के अनुसार, 23 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज तथा अन्य शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके साथ ही तमाम सरकारी दफ्तरों में भी कामकाज स्थगित रहेगा और कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
डिस्ट्रिक्ट मैजिस्ट्रेट के आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि यह छुट्टी बैंकिंग क्षेत्र पर लागू नहीं होगी और सभी बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। इसके अलावा, जिन शैक्षणिक संस्थानों में 23 सितंबर को पहले से ही कोई परीक्षा या टेस्ट निर्धारित है, वहां पर यह अवकाश प्रभावी नहीं होगा। ऐसे संस्थानों को अपनी पूर्व निर्धारित परीक्षाएं तय समय सारणी के अनुसार ही आयोजित करने की छूट दी गई है।
