गुरदासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी दोनों के शव घर में छोड़कर मेन गेट पर ताला लगाकर फरार हो गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतका महिला का भाई अपनी बहन से मिलने उसके घर पहुंचा।
मृतका के भाई के मुताबिक, जब वह घर पहुंचा तो मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर सीढ़ियों के पास उसकी बहन बबली (40) और भांजी तमन्ना (12) के शव पड़े हुए थे। आसपास खून बिखरा हुआ था, जबकि आरोपी पति घर से फरार था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मां-बेटी के गले पर गहरे कट के निशान मिले हैं। वहीं, महिला के सिर पर भी चोट के निशान बताए गए हैं। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि दोनों की चाकू से वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
शुरुआती जांच में आरोपी के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। आरोप है कि वह नशे के लिए पत्नी से पैसे मांगता था और पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट करता था। घटना से पहले रात में मृतका की बेटी तमन्ना ने अपने मामा को फोन कर घर में चल रही परेशानी के बारे में बताया था। इसके बाद ही उसका मामा सुबह उनसे मिलने घर पहुंचा था, जहां उसे मां-बेटी के शव मिले।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
