• Thu. Oct 8th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

मैड संधू की हत्या केस में पुलिस को बड़ी सफलता, आरोपी को गुजरात से किया गिरफ्तार

ByAdmin

Oct 8, 2026

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। गुजरात पुलिस की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने कथित आरोपी शूटर परमिंदर उर्फ काका को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 3 अक्टूबर को अमृतसर में हुई हत्या की वारदात में शामिल था और घटना के बाद गुजरात पहुंचकर अलग-अलग होटलों में छिपकर रह रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अब हत्या की पूरी साजिश, कथित अंतरराष्ट्रीय गोल्डी ढिल्लों गैंग से उसके संबंध और वारदात की फंडिंग से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही हैं। पुलिस इस गिरफ्तारी को मामले में अहम ब्रेकथ्रू मान रही है।

पुलिस के अनुसार, मैड संधू की हत्या के बाद परमिंदर काका उर्फ परमिंदर प्रसाद गुजरात पहुंच गया था। वह अहमदाबाद के अलग-अलग होटलों में अपनी पहचान छिपाकर ठहरा हुआ था। आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने विशेष अभियान चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई गुजरात पुलिस और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के बीच समन्वय के बाद की गई।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, परमिंदर उर्फ काका की इस हत्याकांड में शूटर के तौर पर भूमिका सामने आई है। उस पर मैड संधू पर फायरिंग करने और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक की व्यवस्था करने का आरोप है। यह मामला अमृतसर कैंट थाने में दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के कथित अंतरराष्ट्रीय गोल्डी ढिल्लों गैंग से किस तरह के संबंध थे। इसके अलावा हत्या की साजिश किसने रची, आरोपी को किसने निर्देश दिए और वारदात के लिए फंडिंग कहां से हुई, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है। परमिंदर काका की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।

 

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page