पंजाब सरकार की ओर से चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत जालंधर कैंट हलके में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। कैंट हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने जमशेर, कादियावाली, मिट्ठापुर और गढ़ा में स्थित विभिन्न स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

राजविंदर थियाड़ा ने छात्रों को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
स्कूलों में विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए राजविंदर कौर थियाड़ा ने उन्हें नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को शिक्षा, खेलों और अच्छे कार्यों में लगाना चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए युवाओं को जागरूक होकर नशे से दूरी बनानी चाहिए।

‘नशे से दूर रहकर पंजाब के भविष्य में दें योगदान’
राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि पंजाब का भविष्य उसके युवाओं से जुड़ा हुआ है। अगर युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों की ओर आगे बढ़ेंगे तो इससे परिवार के साथ-साथ पूरे समाज को मजबूती मिलेगी। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार, समाज तथा पंजाब के सुनहरे भविष्य के निर्माण में सकारात्मक योगदान दें।
स्थानीय प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
इस जागरूकता अभियान के दौरान सरपंच संदीप कुमार वासुदेव, पार्षद मिंटू जुनेजा, सरपंच गुरिंदर शेरगिल और सरपंच बलजीत सआण समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने और पंजाब को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संदेश दिया गया।
