जालंधर रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार से कार चलाने से रोकना भारतीय सेना के एक रिटायर्ड ब्लैक कैट (NSG) कमांडो को भारी पड़ गया। आरोप है कि पंजाब पुलिस के एक एएसआई (ASI) हरीश ने वर्दी का रौब झाड़ते हुए न सिर्फ पूर्व फौजी से बदसलूकी की, बल्कि उनका गला पकड़कर थप्पड़ भी जड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
चोगिट्टी स्थित 307 नगर (सेंट क्लेयर के पास) के रहने वाले रिटायर्ड एनएसजी कमांडो संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह अपने पालतू कुत्ते के साथ गली के बाहर साग लेने के लिए खड़े थे। इसी दौरान एएसआई हरीश बेहद तेज रफ्तार में अपनी स्विफ्ट कार चलाते हुए वहां से गुजरे। संदीप कुमार ने बड़ी मुश्किल से अपने कुत्ते को कार की चपेट में आने से बचाया।
पूर्व कमांडो संदीप कुमार के मुताबिक, जब उन्होंने एएसआई को रोककर रिहायशी इलाके में धीमी गति से गाड़ी चलाने की नसीहत दी और कहा कि वर्दी पहनने वाले की जिम्मेदारी बड़ी होती है, तो एएसआई भड़क गए। जब संदीप ने कहा कि उनका कुत्ता गाड़ी के नीचे आकर मर सकता था, तो एएसआई ने बेहद रूखे लहजे में जवाब दिया कि “मर तो नहीं गया।”
बात बढ़ने पर एएसआई ने अपना आपा खो दिया और पूर्व सैनिक के साथ हाथापाई शुरू कर दी। सामने आए वीडियो में भी एएसआई धमकियां देते और गला पकड़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस धक्का-मुक्की में संदीप कुमार के गले पर चोट आई है और उनका मोबाइल फोन भी नीचे गिरकर टूट गया। पूर्व फौजी का आरोप है कि मारपीट करने के बाद पुलिसकर्मी ने उल्टा उन्हीं के खिलाफ 112 पर कॉल कर दी।
संदीप कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी एएसआई की पत्नी खुद पुलिस विभाग में एसएचओ (SHO) हैं। इसी पद के प्रभाव के चलते स्थानीय पुलिस उनके घर आकर उन पर समझौता करने का दबाव बना रही है। हालांकि, पूर्व कमांडो ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। उन्होंने सिविल अस्पताल से अपनी एमएलआर (MLR) कटवा ली है और रामा मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं। उन्होंने डीजीपी और पुलिस कमिश्नर से दोषी एएसआई को तुरंत सस्पेंड कर बॉर्डर इलाके में तैनात करने की मांग की है।
