पंजाब के जालंधर से संबंध रखने वाले भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी वरुण कुमार पर नाबालिग लड़की से रेप के आरोप लगे हैं। इसे लेकर कर्नाटक के बेंगलुरु में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक बेंगलुरु पुलिस की एक टीम पंजाब और हिमाचल में रेड करने के लिए पहुंची है। हालांकि इसे लेकर जालंधर पुलिस के पास कोई इनपुट नहीं है। वरुण को बीते रविवार (4 फरवरी) को पंजाब सरकार ने DSP बनाया था।
बेंगलुरु पुलिस को दिए गए बयानों में लड़की ने बताया कि वरुण ने शादी का झांसा देकर रेप किया है। ये सिलसिला पिछले करीब पांच साल से चल रहा था। जब वह 17 वर्ष की थी, तब से उसे शादी का झांसा देकर रेप किया जा रहा था। अब वह 21 वर्ष की है। अब उसने शादी से मना कर दिया। युवती ने बताया कि 17 साल की उम्र में वह 2019 में इंस्टाग्राम के माध्यम से वरुण कुमार के संपर्क में आई।
तब वरुण भारतीय खेल प्राधिकरण में ट्रेनिंग ले रहे थे। वरुण कुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वरुण को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वरुण ने 2017 में भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया। 2022 बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता। वरुण कुमार 2022 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। इसके साथ 2020 में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारत की कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य भी थे।
