पंजाब खबर लाइव की खबर पर लगी मोहर
पंजाब के पेट्रोल पंप मालिक भी किसानों के हक में उतर आए हैं। अपनी मांगों के बीच पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन ने किसानों का समर्थन करने का भी फैसला कर लिया है। पेट्रोल पंप मालिक आज पूरा दिन कंपनियों से पेट्रोल न खरीदने का फैसला कर चुके हैं, वहीं अब शुक्रवार को भी 12 से 4 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रखे जाएंगे।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन की जिला इकाई के नेता योगेंद्र पाल ढींगरा ने जानकारी दी कि किसान, जो देश की राजधानी दिल्ली जाना चाहते हैं, उन्हें रोकने के लिए पंजाब को पाकिस्तान बॉर्डर बना दिया है। उन पर फायरिंग हो रही है, आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं। किसान जो पीछे बैठे हैं, ड्रोन से उन पर हमला किया जा रहा है। ये निंदनीय है। इन हालातों के बीच पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन भी हक में आ गई है।
पेट्रोल पंप मालिक आज पूरा दिन पेट्रोलियम कंपनियों से पेट्रोल नहीं खरीदेंगी। पेट्रोलियम कंपनियों को कोई ऑर्डर नहीं दिया जाएगा। शुक्रवार को भी 12 से 4 बजे तक पेट्रोल पंप बंद होंगे और किसी भी वाहन में पेट्रोल नहीं डाला जाएगा। इसके साथ ही 22 फरवरी को पेट्रोल पंप की पूरे दिन की हड़ताल रखी जाएगी। इस दिन भी किसी वाहन में पेट्रोल नहीं डाला जाएगा। बता दें कि पेट्रोल पंप बंद करने को लेकर यूनियन दोफाड़ हो गई है। हालांकि एक जत्थेबंदी ने किसानों को समर्थन ना देने का ऐलान किया है।
