संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। वहीं, तीसरे दौर की वार्ता विफल होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनैतिक व किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर ही बैठने का फैसला किया है। बंद की कॉल के साथ ही लोगों से आग्रह किया गया है कि वे बेवजह बाहर न निकलें।
वहीं, दूसरी तरफ अमृतसर में भाजपा कार्यालय घेरने जा रहे कांग्रेसियों के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की भी की है। वहीं जगराओं में महिला किसानों ने मार्च निकाला। जालंधर में भी लोगों ने खुद बाजार बंद रखे। लुधियाना में 10 जगह धरने लगाए गए और जीटी रोड बंद किए गए हैं। कोहाड़ चौक पर जाम के बाद लुधियाना- चंडीगढ़ मार्ग भी बंद हो गया है।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि ये बंद की कॉल सुबह 6 से शाम 4 बजे तक है। इसके बावजूद किसान दोपहर 12 से 4 बजे तक हर मुख्य मार्गों पर भी जाम लगाएंगे। किसान मोर्चा स्थलों पर पहुंचना शुरू हो चुके हैं। इस दौरान किसी भी वाहन को जाने की इजाजत नहीं दी गई है। पंजाब में संयुक्त किसान मोर्चा के 37 किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों की तरफ से पूरे पंजाब के 23 जिलों में 117 जगह पर धरने दिए जाएंगे। इस दौरान सभी 117 जगहों पर सड़क मार्ग रोका जाएगा। वहीं चंडीगढ़ में बीजेपी के दफ्तर का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की धक्का मुक्की भी हुई है।
