• Wed. Feb 4th, 2026

पंजाब : 18,000 रुपये रिश्वत लेते रेंट कलेक्टर और चपरासी रंगे हाथों काबू

ByPunjab Khabar Live

Feb 3, 2026

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के दौरान, पंजाब वक्फ बोर्ड कार्यालय, गढ़शंकर में तैनात रेंट कलेक्टर मोहम्मद यासीन और पंजाब वक्फ बोर्ड कार्यालय, गढ़शंकर में तैनात ठेके आधारित चपरासी मोहम्मद तालीम को 18,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

आज यहां यह खुलासा करते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि उपरोक्त आरोपियों को बलाचौर, जिला शहीद भगत सिंह नगर, पंजाब के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता, जो एक किसान है, ने 2018 से 2021 की अवधि के लिए तहसील बलाचौर के गांव भड्डी में स्थित पंजाब वक्फ बोर्ड की 10 कनाल जमीन लीज पर ली थी। वर्ष 2021 में लीज़ की अवधि समाप्त होने के बाद शिकायतकर्ता ने लीज़ के नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए आरोपी मोहम्मद यासीन से पंजाब वक्फ बोर्ड कार्यालय, गढ़शंकर में संपर्क किया।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी मोहम्मद यासीन ने लीज़ के नवीनीकरण के लिए फाइल तैयार करने के एवज़ में 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने उक्त राशि का भुगतान करने में असमर्थता जताई तो फिर रिश्वत की मांग को घटाकर 20,000 रुपये कर दिया गया। इसमें से आरोपी मोहम्मद यासीन ने मौके पर ही 2,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले लिए थे और शिकायतकर्ता को बाकी 18,000 रुपये बाद में देने के लिए कहा गया था। शिकायतकर्ता ने सबूत के तौर पर बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की एसबीएस नगर टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 18,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page