• Sun. Sep 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में 8 स्कूली छात्रों की खाना खाने के बाद बिगड़ी सेहत, अभिभावकों ने किया हंगामा

ByPunjab Khabar Live

Feb 2, 2026

पंजाब के गुरदासपुर स्थित मेरिटोरियस स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल में रहने वाले कई छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि रात का खाना खाने के बाद छात्रों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना बीती रात की है। भोजन करने के कुछ समय बाद ही छात्रों को बेचैनी महसूस होने लगी। कुछ छात्रों को उल्टियां हुईं, जबकि कुछ बेहोश भी हो गए। हालात बिगड़ते देख स्कूल प्रशासन ने एंबुलेंस के जरिए छात्रों को अस्पताल पहुंचाया।

सिविल अस्पताल की डॉक्टर कृति ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे मेरिटोरियस स्कूल के 8 छात्रों को अस्पताल लाया गया था। सभी छात्रों की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइज़निंग के कारण ही छात्रों की तबीयत खराब होने की बात सामने आई है। हालांकि समय पर इलाज मिलने से सभी छात्र खतरे से बाहर हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

घटना के बाद विद्यार्थियों के माता-पिता ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हॉस्टल के खाने की गुणवत्ता को लेकर वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्कूल की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अभिभावकों ने बच्चों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है।

मेरिटोरियस स्कूल गुरदासपुर के प्रिंसिपल राजीव महाजन ने फूड पॉइज़निंग के आरोपों को लेकर अलग पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय छात्रों को आयरन की गोलियां दी गई थीं, जिसके बाद कुछ बच्चों को घबराहट और उल्टियां हुईं। एहतियातन बच्चों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब सभी छात्र पूरी तरह स्वस्थ हैं और आज दोबारा उनके मेडिकल टेस्ट करवाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page