• Thu. Feb 5th, 2026

जालंधर से बड़ी खबरः छत से इंजेक्शन के साथ मिली युवक की लाश

ByPunjab Khabar Live

Feb 20, 2024

नशे की ओवरडोज से हुई युवक की मौत

जालंधर में एक 25 वर्षीय युवक की नशे की ओवरडोज के कारण मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान लांबड़ा के गांव शाहपुर के रहने वाले हरकमल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। वहीं, क्राइम सीन से परिवार को एक इंजेक्शन मिला था, जो कि पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

परिवार ने पुलिस को बताया कि हरकमल सिंह रोजाना की तरह बीते दिन घर से बाहर ही था। शाम करीब 6 बजे जब वह घर आया तो उसने अपनी मां से चाय बनाने के लिए कहा। इतना कहकर हरकमल तुरंत अपने घर की छत पर चला गया। काफी देर तक तो पहले मां हरकमल को बुलाती रही। मगर, जब वह नीचे नहीं आया तो मां चाय बनाकर छत पर ले गई।

जहां उसने देखा कि हरकमल बेसुध हालत में छत पर पड़ा हुआ था। मां चिल्लाई तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। मौके पर डॉक्टर को बुलाया गया तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। मिली जानकारी के अनुसार, हरकमल के पास से परिवार द्वारा बरामद किया गया इंजेक्शन चिट्टे का था। जिसकी ओवरडोज से उसकी मौत हुई है। गांव वालों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। जिसके बाद पुलिस जांच के लिए पहुंची। पुलिस ने फिलहाल मामले में परिवार के बयानों के आधार पर 174 CrPC की कार्रवाई की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page