हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से किसान आज (21 फरवरी) को दिल्ली कूच करेंगे। इससे पहले मंगलवार देर रात शंभू बॉर्डर से 5 किलोमीटर पहले पंजाब पुलिस और किसानों में झड़प हो गई। जिसमें शंभू बॉर्डर के SHO इंस्पेक्टर अमनपाल सिंह विर्क और मोहाली के SP जगविंदर सिंह चीमा घायल हो गए। दोनों को रात को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने पंजाब DGP के आदेश पर शंभू बॉर्डर से 5 किमी पहले नाकेबंदी की हुई थी। पुलिस कर्मचारियों ने किसानों को JCB, पोकलेन मशीन जैसी हैवी मशीनरी को शंभू बॉर्डर की तरफ ले जाने से रोका था। बुधवार को किसानों के दिल्ली कूच को दिखते हुए मंगलवार को हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) की तरफ से पंजाब पुलिस को चिट्ठी भेजी गई। जिसमें हरियाणा पुलिस की तरफ से कहा गया कि किसान बैरिकेडिंग तोड़ने के लिए अपने साथ JCB, पोकलेन मशीन, हाइड्रा जैसे हैवी मशीनरी आए हैं। इससे पुलिस समेत पैरामिलिट्री के जवानों को नुकसान पहुंचेगा।
हैवी मशीनरी पोकलेन मशीन और जेसीबी को मॉडिफाई करके किसान प्रदर्शन में लेकर आए हैं। किसान इसका प्रयोग बैरिकेड तोड़ने में करेंगे। जिससे हरियाणा पुलिस के जवानों व अर्ध-सैनिक बलों को भी नुकसान पहुंचेगा। इसलिए इन्हें जब्त किया जाए और किसानों को मशीन उपलब्ध कराने वालों पर भी एक्शन लिया जाए। हरियाणा DGP की तरफ से चिट्ठी मिलने के बाद पंजाब के DGP ने पटियाला रेंज पुलिस कमिश्नर और SSP को आदेश दिया कि किसी भी हैवी मशीनरी जैसे JCB, पोकलेन मशीन को हरियाणा-पंजाब बॉर्डर की तरफ नहीं जाने दिया जाए। किसानों का प्लान है कि वह इन हैवी मशीनरी से हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर हरियाणा में दाखिल होंगे। इससे लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ सकती है।
