• Fri. Feb 6th, 2026

पंजाब से बड़ी खबरः चॉकलेट खाने से डेढ़ साल की बच्ची को आई खून की उल्टियां, बिगड़ी तबियत

ByPunjab Khabar Live

Apr 20, 2024

पंजाब में चॉकलेट खाने से डेढ़ साल की बच्ची को खून की उल्टियां लग गई। बच्ची लुधियाना की रहने वाली है। बच्ची के लिए चॉकलेट उसी पटियाला शहर से खरीदी गई, जहां कुछ दिन पहले केक खाने पर बर्थडे के दिन लड़की की मौत हो गई थी। इसका पता चलते ही सेहत विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारी तुरंत उस दुकान पर पहुंचे, जहां से चॉकलेट खरीदी गई। जांच में पता चला कि बच्ची को दी गई चॉकलेट एक्सपायरी डेट की थी। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बच्ची के रिश्तेदार विक्की ने बताया कि बच्ची राविया लुधियाना से कुछ दिन पहले पटियाला में उनके घर आई थी। जब बच्ची वापस लुधियाना जाने लगी तो उन्होंने बच्ची के लिए एक दुकान से गिफ्ट पैक लिया था। जिसमें कुरकुरे, जूस के अलावा चॉकलेट भी थी। उन्होंने यह सब बच्ची को दिया और वह घर लौट गई। विक्की ने बताया कि जब वह लुधियाना पहुंची तो घरवालों ने उसे गिफ्ट के तौर पर दी टोकरी खोली। उसमें से बच्ची ने चॉकलेट निकालकर खा लिया। जिसके बाद उसे खून की उल्टियां होने लगीं। पहले परिजनों ने समझा कि कोई सामान्य बात है। मगर, बच्ची की हालत बिगड़ती चली गई। इनमें से एक चॉकलेट 22 साल की युवती ने भी खाया। उसकी भी तबीयत बिगड़ी। घरवालों को शक हुआ तो वे बच्ची को तुरंत डॉक्टर के पास ले गए।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बच्ची को CMC हॉस्पिटल में भर्ती कर लिया। जहां बच्ची का इलाज कराया जा रहा है। विक्की ने आगे कहा कि इसका पता चलते ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम के साथ वे तुरंत उस कन्फेक्शनरी शॉप पर गए, जहां से बच्ची के लिए गिफ्ट की टोकरी खरीदी थी। वहां जाकर पता चला कि उन्हें जो चॉकलेट दी गई थी, वह एक्सपायरी डेट की थी। दुकान में और भी सामान पड़ा था। सेहत विभाग की टीम ने दुकान में पड़ा एक्सपायरी डेट का सारा सामान जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस को भी वहां बुला लिया गया। पुलिस ने परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए। जिसके बाद अब मामले की जांच की जा रही है। वहीं सेहत विभाग ने एक्सपायरी डेट का सामान बेचने की भी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page