चंडीगढ़ में एक युवक सेक्टर 17 बस स्टैंड के पीछे लगे एक निजी कंपनी के टावर पर चढ़ गया है। करीब 50 फुट ऊंचे टावर पर युवक के चढ़ने का पता चलते ही पुलिस पहुंच गई है। पुलिस को देख युवक ने धमकी दी कि अगर उसे नीचे उतारने की कोशिश की तो वह कूद जाएगा। जिसके बाद पुलिस ड्रोन के जरिए युवक की निगरानी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक विक्रम ढिल्लो नाम का यह युवक हरियाणा के जींद का रहने वाला है। शुरूआती जांच में पता चला कि उसका पंजाब के मानसा में जमीन से जुड़ा कोई विवाद है, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया।
पुलिस भी स्पीकर के जरिए इससे अपनी शिकायत पूछने की कोशिश कर रही है। युवक का कहना है कि वह पंजाब के CM भगवंत मान से मिलना चाहता है। फिलहाल पुलिस ने एरिया सील कर एंबुलेंस मंगवा ली है। युवक से बातचीत करने की कोशिश की जा रही है।
