पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने पैलेस में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उनके सिर में गोलियां मारी गईं।
गोली लगते ही सरपंच जरमल सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। खून से लथपथ सरपंच का एक वीडियो भी सामने आया है। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फायरिंग का पता चलते ही पुलिस पैलेस में पहुंची। टीम ने पूरे पैलेस को घेरकर जांच शुरू की और शादी समारोह में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी।
वह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा सरपंच थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उन पर 3 बार पहले भी हमला हो चुका है। शादी में पहुंचे AAP विधायक सरवन सिंह बताया है कि हमलावर कोट-पेंट पहन बाराती बनकर आए थे। उन्होंने खाना खाते वक्त सरपंच के सिर में गोली मारी।
