जालंधर में पंजाबी गायिका ज्योति नूरा के घर के बाहर देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 9:20 बजे की है, जब एक युवक एक्टिवा पर सवार होकर मकसूदां स्थित उनके नए घर के बाहर पहुंचा और गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी साफ दिखाई दे रहा है, जो वाहन से उतरकर फायरिंग करता है और तुरंत वहां से भाग जाता है। पुलिस के लिए यह वीडियो जांच में अहम सुराग माना जा रहा है और इसके आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, हमला ज्योति नूरां के नए घर के बाहर होने से आशंका जताई जा रही है कि यह घटना किसी तरह की धमकी या चेतावनी से जुड़ी हो सकती है। हाल के समय में कलाकारों को मिल रही धमकियों और हमलों की घटनाओं के बीच इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
