अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान और तेज हवाओं ने व्यापक तबाही मचा दी है। खराब मौसम के चलते एयरपोर्ट्स पर रनवे बंद करने पड़े और रविवार से मंगलवार के बीच 11,055 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। फ्लाइट ट्रैकिंग कंपनी Flight Aware के अनुसार सिर्फ सोमवार को ही करीब 5,600 से 5,700 उड़ानें रद्द हुईं, जो कुल उड़ानों का लगभग 20 प्रतिशत थीं।
National Weather Service ने बताया कि रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स के कई इलाकों में लगभग 37 इंच तक बर्फ गिरी। भारी बर्फबारी और तूफानी हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी राज्यों में बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सोमवार शाम तक 5,19,232 से अधिक घर और कार्यालय अंधेरे में डूबे रहे, जबकि कुल प्रभावित घरों की संख्या 6 लाख से ज्यादा बताई गई।
मौसम की मार इतनी गंभीर रही कि प्रसिद्ध अखबार The Boston Globe अपने 153 साल के इतिहास में पहली बार प्रिंट संस्करण प्रकाशित नहीं कर सका, क्योंकि कर्मचारी बर्फबारी के कारण प्रिंटिंग प्रेस तक पहुंच ही नहीं पाए। प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
